Showing posts with label poem. Show all posts
Showing posts with label poem. Show all posts

Monday, January 28, 2019

एक स्त्री

एक स्त्री घर से निकलते हुए भी नहीं निकलती
वह जब भी घर से निकलती है
अपने साथ घर की पूरी खतौनी लेकर निकलती है

अचानक उसे याद आता है
गैस का जलना
दरवाज़े का खुला रहना
नल का टपकना और दूध का दहकना

एक-एक कर वह पूछती है
प्रेस तो बंद कर दिया था न !
आँगन का दरवाज़ा तो लगा दिया था न !
किचेन का सीधा वाला नल बंद करना तो नहीं भूली !

अरे ! हाँ ! वो सब्ज़ी
वह मँहगी हरी पत्तियों वाली सब्ज़ी
जो अभी कल ही तो लाई थी सटटी से
प्लास्टिक से निकाल दिया था न !

हाँ, हाँ अरे सब तो ठीक है
आपको ध्यान है आलमारी लाक करना तो नहीं भूली
अभी कल की ही तो बात है महीनों को बचाए पैसे से नाक की कील ख़रीदी थी ।

इस तरह वह बार-बार याद करती और परेशान होती है
कि दूध वाले को मना करना भूल गई
कि बरतन वाली से कहना भूल गई कि उसे कल नहीं आना था
कि पड़ोसिन को बता ही देना था कि कभी कभी मेरे घर को भी झाँक लिया करतीं ।

इस तरह एक स्त्री निकलती है घर से
जैसे निकलना ही उसका होना है घर में ।

~ श्री प्रकाश शुक्ल 

जिंदगी की कश्मकश


मुझमें शोर बहुत है
खामोश सा लेकिन अलग है
सेल्फ़ी तो कोई भी ले सकता है
मगर दर्द ले पाओ तो बात अलग है
यूँ तो कश्मकश से भरे हैं जिंदगी के रास्ते
इन्हे संभाल पाओ तो बात अलग है
सीने में जलन और आंखो में तूफां लिए
इस शहर में हर शख्स परेशान बहुत है
चुप रहना भी तमीज़ है संस्कारों की
पर कुछ लोग बेजुबां समझ बैठे हैं
कोमल की कलम बेफख्त सी चल रही
पर लोग समझ ना पाए तो बात अलग है

~कोमल गांधी